बेरोजगारों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर पर छापा

नोएडा की एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार लोगों को ठगने वाले एक कॉल सेंटर पर छापा मारकर सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल, 02 लैपटॉप, 07 वायरलेस फोन, 03 रजिस्टर कॉलिंग डेटा, 15 नए सिम कार्ड, ई-स्टाम्प लैटर पैड, ब्राउजर, विजिटिंग कार्ड व बेरोजगार युवकों का डाटा बरामद किया है।

एसपी क्राइम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को एक सूचना के आधार पर थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने नोएडा के सेक्टर 10 में छापा मारा। उन्होंने बताया कि यहां पर बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी हो रही थी।
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, पुलिस ने मौके से अक्षय, अंकित, संदीप, तनुज, सूरज, दीपक व कुणाल को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नौकरी लगाने वाली विभिन्न साइटों से बेरोजगार युवकों का डाटा हासिल करके, उन्हें फोन करते थे तथा नामी कंपनियों में नौकरी लगाने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूल लेते हैं।

एसपी ने बताया कि पुलिस इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है। इनके कई बैंक खातों का पुलिस को पता चला है।

Comments