मुंडेट गांव में खुलेआम एक प्रॉपर्टी डीलर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।हत्या करने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में परिजन प्रॉपर्टी डीलर को सिविल अस्पताल रुड़की लेकर पहुंचे।
जहां डॉक्टरों ने प्रॉपर्टी डीलर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुचे पुलिस को अभी तक हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया हैं। पुलिस इस मामले में आस पास के कई लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रोपेर्टी डीलर की पहचान मुंडेट गांव निवासी प्रदीप त्यागी के रूप में हुई है। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह अपने घेर पर थे। इसी बीच कार सवार तीन युवक उनके घेर के बाहर पहुंचे। तीनों ने कार कुछ दूरी पर खड़ी कर दी और उनके पास पहुंचे।
युवकों ने उनसे खेती की जमीन खरीदने की बात कही। इस पर प्रदीप ने अपने चाचा सुरेश त्यागी को गांव के पास ही स्थित खेती की जमीन दिखाने के लिए युवकों के साथ भेज दिया। जमीन देखने के बाद युवक वापस प्रदीप के घेर पर आ गए। इस बीच तीनों युवकों ने तमंचे निकाल लिए एक बदमाश ने प्रदीप के चाचा सुरेश की कनपटी पर तमंचा रख दिया। जबकि दूसरे ने तमंचे से प्रदीप पर फायर कर दी। इस बीच बदमाशों ने तीन राउंड फायर किए। इसमें से एक गोली प्रदीप के सीने में जा लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर जा गिरे।
इसके बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए कार से फरार हो गए। गोली की आवाज की सुनकर प्रदीप के परिवार के सदस्य व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजन प्रदीप को सिविल अस्पताल लेकर गये। डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात मणिकांत मिश्रा, सीओ मंगलौर मनोज कत्याल, इंस्पेक्टर गिरीश चंद शर्मा समेत भारी पुलिस बल गांव में पहुंचे।
एसपी देहात ने ग्रामीणों व मृतक के चाचा से घटना की जानकारी ली, लेकिन हत्या के कारणों व बदमाशों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। हत्या के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मृतक का किसी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद तो नहीं चल रहा था इस एंगल से भी जांच की जा रही है। पुलिस को अभी तक कोई जानकारी नही मिल पाई है इस मामले की जांच पुलिस बारीकी से कर रही है।

Comments
Post a Comment